
नर सेवा, नारायण सेवा — शीतल जल सेवा का विस्तार
भारत विकास परिषद शाखा ओसियां द्वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित शीतल जल सेवा का विस्तार करते हुए दो नई मोबाइल प्याऊ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इन दोनों मोबाइल प्याऊ पर लगभग 70,000 रुपये की लागत आई है।
शाखा द्वारा पिछले लगभग तीन वर्षों से तीन मोबाइल प्याऊ के माध्यम से यात्रियों को मिनरल वाटर की सेवा निरंतर प्रदान की जा रही है। वर्तमान में बाबा रामदेव मेले के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ने से शीतल जल की मांग भी बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए दो अतिरिक्त मोबाइल प्याऊ की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था रामदेवरा जाने वाले यात्रियों के लिए संचालित जल सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद शाखा ओसियां के अध्यक्ष नंद किशोर चांडक, जिला समन्वयक रुपेश ओझा, प्रकल्प प्रभारी मांगीलाल बिश्नोई, सेवा संयोजक अनिल सोनी, बने सिंह, पूर्व अध्यक्ष मेघाराम चौधरी, प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी श्रवण सोनी, पूर्व कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, किशन स्वर्णकार, पवन सोनी,बाबू चौधरी,सत्यनारायण लखारा, रामूराम मेघवाल सहित शाखा परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
रेलवे स्टेशन परिवार की ओर से स्टेशन अधीक्षक मनोहर लाल जी, बुकिंग सुपरवाइजर महावीर सिंह जी, जेठाराम जी पीएम सहित रेलवे स्टाफ की उपस्थिति रही।
इस पुण्य एवं पवित्र सेवा कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाह परिवार गौतम एवं सुनील स्वर्णकार का भारत विकास परिषद शाखा ओसियां द्वारा अभिनंदन किया गया। शाखा परिवार की ओर से दुपट्टा ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर उनका स्वागत-सम्मान किया गया तथा सेवा कार्य में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
पूर्व अध्यक्ष मेघाराम जी ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और यात्रियों को भीषण गर्मी में शीतल जल उपलब्ध करवाना मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। अतिरिक्त मोबाइल प्याऊ की सुविधा से रामदेवरा मेले में आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
अंत में “वंदे मातरम्” एवं “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Osian, Jodhpur | Aug 27, 2026