बैठवासिया 220 केवी जीएसएस पर 200 एमवीए ट्रांसफॉर्मर चार्ज, किसानों को ओवरलोडिंग से मिलेगी राहत
ओसियां
बैठवासिया 220 केवी जीएसएस पर रविवार को 200 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफॉर्मर को चार्ज कर लोड पर ले लिया गया। उच्च अधिकारियों के साथ हुई बातचीत के बाद ट्रांसफॉर्मर को करीब 24 घंटे नो-लोड पर चलाकर आवश्यक तकनीकी जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद इसे लोड पर लिया गया।
बताया गया कि सोमवार सुबह तक बैठवासिया 220 केवी जीएसएस का वह लोड, जो वर्तमान में आऊ और फलोदी 220 केवी जीएसएस पर डायवर्ट किया गया था, वापस बैठवासिया जीएसएस पर ले लिया जाएगा। इससे क्षेत्र के कई 132 केवी जीएसएस से जुड़े किसानों को ओवरलोडिंग के कारण बिजली आपूर्ति में आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इससे बापिणी, आऊ, एसएस नगर, लोहावट, पीएस-5, पीएस-6, मतोड़ा, हतूंडी, भीकमकोर और जेरिया सहित क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा। विशेषकर सिंचाई के समय बिजली आपूर्ति में सुधार होने से किसानों को राहत मिलने की संभावना है।
तकनीकी खराबी के बाद तय समय से 4 दिन पहले चार्ज किया
बैठवासिया जीएसएस के उक्त पावर ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद इसे निर्धारित शेड्यूल से चार दिन पहले चार्ज किया गया है। इसके लिए डिस्कॉम एमडी भंवरलाल डेलू, मुख्य अभियंता प्रेमसिंह चौधरी, प्रसारण निगम के अधीक्षण अभियंता महेश सोनी, स्पेशल ड्यूटी अधिकारी एक्सईएन जवरीलाल, उग्राराम, मथानिया डिवीजन के एक्सईएन अलपुराम सहित बीएचईएल की टीम और डिस्कॉम व प्रसारण निगम के अधिकारियों का आभार जताया गया।
एमडी की अपील के बाद अधिकारी जुटे
जानकारी के अनुसार 4 सितंबर को डिस्कॉम एमडी की ओर से सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति में सुधार को लेकर किए गए प्रयासों की अपील के बाद पिछले दो दिनों से बड़ी संख्या में अधिकारी 220 केवी और 132 केवी जीएसएस पर विशेष ड्यूटी में जुटे हुए हैं। अधिकारियों के प्रयासों से बिजली व्यवस्था को सामान्य करने की दिशा में तेजी से काम किया गया।
स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से अपील की गई कि गंभीर परिस्थिति में यदि अतिरिक्त प्रयासों से किसानों के खेतों में 10-20 बीघा तक भी अतिरिक्त सिंचाई करवाने में मदद मिलती है तो इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें किसानों का आशीर्वाद मिलेगा।
Osian, Jodhpur | Sep 7, 2026