
खुशियों की दास्तां
===
स्वामित्व अधिकार की रजिस्ट्री मिलने से संतोष चौधरी के चेहरे पर आई मुस्कान
===
वर्षों से जिस जमीन पर परिवार के साथ रहकर अपना जीवन गुजार रही थीं, उस भूमि का कानूनी स्वामित्व मिलने की खुशी संतोष चौधरी के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी। ग्राम छतवई निवासी संतोष चौधरी के लिए इस बार की धनतेरस कुछ खास बन गई। स्वामित्व अधिकार योजना के अंतर्गत उन्हें अपनी आवासीय भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री प्राप्त हुई। अब उनके पास अपनी संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज है, जो उन्हें अधिकार के साथ-साथ भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा का भरोसा भी प्रदान करेगा।
रजिस्ट्री मिलने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए संतोष चौधरी ने बताया कि पहले उनके पास अपनी जमीन का कोई दस्तावेज नहीं था। वे लंबे समय से वहां निवास कर रही थीं, लेकिन भूमि का कानूनी अधिकार नहीं होने से कई तरह की सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से उन्हें स्वामित्व अधिकार के तहत रजिस्ट्री और पट्टा प्राप्त हुआ है। इससे उन्हें अपनी संपत्ति का प्रमाण मिल गया है और भविष्य में बैंक से ऋण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से आज उन्हें अपनी संपत्ति का अधिकार मिला है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि आज धनतेरस के शुभ अवसर पर रजिस्ट्री मिलना उनके लिए बहुत बड़ी खुशी और यादगार उपहार है।
संतोष चौधरी के लिए यह रजिस्ट्री महज एक कागज नहीं, बल्कि वर्षों से जिस अपने घर और जमीन पर उनका परिवार रह रहा था, उस पर कानूनी अधिकार मिलने का प्रमाण है। अब उन्हें अपनी संपत्ति को लेकर सुरक्षा और विश्वास की अनुभूति हो रही है।
स्वामित्व अधिकार योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय भूमि का कानूनी अधिकार प्रदान कर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। धनतेरस के अवसर पर मिली यह सौगात संतोष चौधरी और उनके परिवार के लिए पर्व की खुशियों को दोगुना करने वाली साबित हुई।
#shahdol Jansampark Madhya Pradesh