
पेट्रोल पंप सेल्समैन निकला लूट का मास्टरमाइंड, चार आरोपी गिरफ्तार, ₹20,000 नकद व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री विनोद कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में पुलिस चौकी शेखपुरा एवं थाना सदर हांसी पुलिस ने लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि में से ₹20,000 नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए उप निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि दिनांक 22.06.2026 को जुलाना, जिला जींद निवासी जितेंद्र पुत्र रमेश सिंह की शिकायत पर थाना सदर हांसी में लूट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि जींद-हांसी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर ड्यूटी के दौरान अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट कर नकदी लूट ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन दीपक पुत्र सतबीर निवासी श्याम नगर, हांसी ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने साथियों को पेट्रोल पंप पर मौजूद नकदी एवं परिस्थितियों की जानकारी दी थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक, आशीष पुत्र रिकू निवासी ढाणा कलां, अमन उर्फ मिथुन पुत्र सुल्तान सिंह निवासी ढाणा कलां तथा अमन उर्फ प्रिंस पुत्र बलबीर निवासी खेड़ी गगन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई राशि में से ₹20,000 नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया।
Uklana, Hissar | Jun 23, 2026