
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के दुबहा-कटरा मार्ग पर रविवार सुबह करीब 10:50 बजे चौहान पुरवा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार साफिया (30) और उनकी 8 माह की बेटी करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे देवर साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दुबहा बाजार निवासी शाहिद की पत्नी साफिया अपनी मासूम बेटी को लेकर देवर साबिर के साथ दवा कराने करनैलगंज जा रही थीं। इसी दौरान चौहान पुरवा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की जान चली गई।
सूचना पर पहुंची कटरा बाजार पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल साबिर को सीएचसी कटरा बाजार पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मृतका साफिया अपने पीछे दो बेटे रिजवान (12) और इमरान (4) को छोड़ गई हैं। मां और छोटी बहन की मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कटरा बाजार थानाध्यक्ष अजय तिवारी ने बताया कि हादसे में मां-बेटी की मौत हुई है, जबकि उनका देवर गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
Gonda, Gonda | Nov 8, 2026