
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का मामला इस समय खासा गरमाया हुआ है। लोनी से भारतीय जनता पार्टी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को सोशल मीडिया पर धमकी दिए जाने के मामले में हाजी सलमान को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। लोनी थाना क्षेत्र में हिंदू रक्षा दल के दो कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट के मामले में हाजी सलमान पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। राजस्थान के बूंदी से उसकी गिरफ्तारी हुई है। मामले में सामने आया था कि आरोपी हाजी सलमान ने हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट के बाद सोशल मीडिया पर लोनी विधायक के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया। उन्हें धमकी दी। केस दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी सामने आई है। इसमें पता चला है कि वह हिस्ट्रीशीटर है।
लोनी थाने में आरोपी हाजी सलमान के खिलाफ हिस्टीशीट खुली हुई है। वह इस थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लोनी के अलावा लोनी बॉर्डर, ट्रोनिका सिटी और दिल्ली के भजनपुरा थाने में केस दर्ज है। उसके खिलाफ मारपीट, रेप समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज है।
Amroha, Amroha | Sep 9, 2026