
अकोढ़ीगोला की सीओ निधि ज्योत्सना बनीं एसडीएम, 70वीं बीपीएससी में हासिल की सफलता
अकोढ़ीगोला की अंचलाधिकारी (सीओ) निधि ज्योत्सना ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर बिहार प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है। अब वह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।
निधि ज्योत्सना ने वर्तमान में सीओ पद पर कार्यरत रहते हुए सेल्फ स्टडी के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से प्रशासनिक सेवा से जुड़े लोगों के साथ-साथ क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। निधि, भोजपुर समाहरणालय की भू-अर्जन शाखा में प्रधान सहायक जयराम दास की पुत्री हैं। सीमित समय और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर बीपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता अर्जित की। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। निधि ज्योत्सना की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।