
जालौन में चुनावी आचार संहिता लागू, डीएम समीर ने राजनीतिक दलों को पढ़ाया नियमों का पाठ
मतदाताओं को प्रलोभन, भय या दबाव से प्रभावित करने पर सख्ती—33 प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर दलों ने जताई सहमति
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद जालौन में 22 सितंबर से आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
इसी को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में डीएम ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों को स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी भी मतदाता को प्रलोभन देना, भय या दबाव में प्रभावित करना अथवा निर्वाचन की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाला कोई भी कार्य स्वीकार्य नहीं होगा।
डीएम ने राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों से निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार ही प्रचार-प्रसार और अन्य चुनावी गतिविधियां संचालित करने की अपील की।
प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के अनुपालन संबंधी निर्देशों की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं।
33 मतदेय स्थलों पर बनी सहमति
बैठक में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए प्रस्तावित 33 मतदेय स्थलों की सूची पर भी चर्चा हुई।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थल शासकीय भवनों में हैं और वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसी भी दल की ओर से आपत्ति या सुझाव नहीं दिया गया और सभी ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सहमति जताई।
डीएम समीर ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और राजनीतिक दलों से नियमों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राजीव राज, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#Jalaun #JalaunNews #Orai #Kalpi #JalaunDM #DMJalaun #SamirDM #Election2026 #AacharSanhita #ModelCodeOfConduct #GraduateElection #AllahabadJhansiGraduateConstituency #ElectionCommission #JalaunAdministration #UPNews #BreakingNews #JalaunBreaking #Bundelkhand #PoliticalParties #VoterAwareness
Kalpi, Jalaun | Sep 24, 2026