
01 जुलाई को जिला स्तरीय युवा संगम का आयोजन
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में मध्यप्रदेश शासन की रोजगारोन्मुखी नीति के अंतर्गत जिले के युवाओं को रोजगार, स्व-रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने हेतु जिला स्तरीय युवा संगम का आयोजन 01 जुलाई 2026 (बुधवार) को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय शहीद चन्द्रशेखर आजाद महाविद्यालय, झाबुआ में किया जाएगा।
युवा संगम में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं की लगभग 5 से 7 कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा तथा रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी भी युवाओं को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही केन्द्र सरकार की राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना तथा मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग हेतु आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी।
युवा संगम में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, जिन्होंने 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक अथवा स्नातकोत्तर स्तर की शिक्षा प्राप्त की हो। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड एवं समग्र आईडी साथ लाना आवश्यक होगा।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा आयोजन के सफल संचालन एवं अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Skill Development, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP