पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का अंतरण, जिले के 1.31 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के अंतर्गत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसान लाभार्थियों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरण किया गया।
इसी क्रम में जिले के कुल 1,31,569 पात्र कृषकों को 2,000 रुपये प्रति किसान की दर से 26 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से अंतरित की जाएगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किश्तों में प्रदान की जाती है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, झाबुआ के सभागृह में देखा गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री बहादुर सिंह हटीला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर श्री विजय मंडलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश कुमार मंडलोई सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से किसानों को समय-समय पर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिए सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कृषि निवेश में सुविधा मिल रही है तथा किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। उन्होंने किसानों से अपने आधार, बैंक खाते एवं अन्य आवश्यक विवरण अद्यतन रखने तथा शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना तथा योजना के अंतर्गत प्राप्त होने वाली सहायता राशि के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Agriculture, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
18 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 20, 2026