
दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव का एक दिवसीय समागम आयोजित, दुग्ध सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल-डीएम।
आज दिनांक 07 सितंबर 2026 को डीआरडीए सभागार, नवादा में दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं सचिवों का एक दिवसीय समागम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश, उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पांडेय एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
समागम का मुख्य उद्देश्य दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा डेयरी क्षेत्र की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करना था। कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादन, दुग्ध संग्रहण, दुग्ध गुणवत्ता, विपणन, भुगतान व्यवस्था एवं दुग्ध समितियों के सुचारू संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का भी सृजन किया जा सकता है। उन्होंने दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं सचिवों से कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समितियों का संचालन पारदर्शी एवं उत्तरदायी तरीके से सुनिश्चित करें। उन्होंने दुग्ध संग्रहण एवं भुगतान प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने दुग्ध की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण पशु आहार, उन्नत नस्ल, पशु स्वास्थ्य सेवाओं एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने नई तकनीकों एवं आधुनिक डेयरी पद्धतियों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से दुग्ध उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि लाई जा सकती है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पशुपालकों को आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि नवादा जिले में दुग्ध क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। दुग्ध के बेहतर संग्रहण एवं संरक्षण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बल्क मिल्क कूलर की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही, दुग्ध उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर सुधा के दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा मिल्क बूथ भी स्थापित किए जा रहे हैं।
चितरकोली में शीघ्र ही बल्क मिल्क कूलर की स्थापना का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा नरहट, रोह, अकबरपुर एवं काशीचक में भी BMC की स्थापना के लिए लगभग 30-30 डिसमिल भूमि चिन्हित की गई है। चिन्हित भूमि पर BMC की स्थापना के लिए संबंधित विभाग द्वारा निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण स्तर पर दुग्ध सहकारी समितियों के नेटवर्क का विस्तार करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पशुपालकों को सहकारी समितियों से जोड़ा जाए तथा विशेषकर छोटे एवं सीमांत पशुपालकों, महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि दुग्ध सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही, दुग्ध उत्पादकों को उनके उत्पाद का बेहतर एवं सुनिश्चित बाजार प्राप्त होगा।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
उप विकास आयुक्त ने भी दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं सचिवों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुग्ध उत्पादन एवं दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारी व्यवस्था को मजबूत कर पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं एवं उनके दुग्ध उत्पाद के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक, नालंदा डेयरी श्री अरविंद कुमार सिन्हा, प्रभारी संग्रहण, नालंदा डेयरी डॉ. के.के. आजाद, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुशील कुमार सिन्हा, विभिन्न दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 8, 2026