
✳️श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 में 19 से 21 अक्टूबर तक होगा तीन दिवसीय विराट कुश्ती दंगल*
✳️*विभिन्न खिताबों की इनामी राशि में की गई ऐतिहासिक बढ़ोतरी, जसवंत केसरी के विजेता को मिलेंगे ₹1,01,000 रूपये ईमान राशि*
भरतपुर। 09 अक्टूबर, ऐतिहासिक एवं उत्तर भारत में प्रसिद्ध श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 के प्रमुख आकर्षण विराट कुश्ती दंगल को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 09 अक्टूबर को कुश्ती दंगल उपसमिति की महत्वपूर्ण बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय भरतपुर में जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दंगल की व्यवस्थाओं, प्रतियोगिताओं एवं पुरस्कारों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस वर्ष पहलवानों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रमुख खिताबों की इनामी राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है।
दंगल समिति सचिव डॉ. पी.पी. सिंह अवार ने बैठक में मुख्य एजेंडा प्रस्तुत किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन दिवसीय विराट कुश्ती दंगल का आयोजन 19 से 21 अक्टूबर 2026 तक नुमाइश मैदान स्थित महाराजा सूरजमल कुश्ती अखाड़े, भरतपुर में किया जाएगा। श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 का शुभारंभ 15 अक्टूबर से होगा।
▪️*इनामी राशि में बड़ी बढ़ोतरी, जसवंत केसरी को मिलेंगे ₹1.01 लाख*
दंगल समिति सचिव डॉ. पी.पी. सिंह अवार ने बताया कि इस वर्ष दंगल के प्रमुख खिताबों की पुरस्कार राशि में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार पुरस्कार राशि का विवरण इस प्रकार है—
*1. जसवंत केसरी (मुख्य कुश्ती)*
प्रथम पुरस्कार: ₹1,01,000 रुपए, भव्य गुर्ज, पट्टा एवं स्वर्ण पदक
द्वितीय पुरस्कार: ₹31,000 से बढ़ाकर ₹41,000
तृतीय पुरस्कार: ₹8,100 से बढ़ाकर ₹15,000
*2. भरतपुर जिला केसरी*
प्रथम पुरस्कार: ₹25,000 से बढ़ाकर ₹41,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹11,000 से बढ़ाकर ₹15,000
तृतीय पुरस्कार: ₹3,100 से बढ़ाकर ₹8,100
*3. जसवंत कुमार खिताब*
प्रथम पुरस्कार: ₹21,000 से बढ़ाकर ₹31,000
तृतीय पुरस्कार: ₹3,100 से बढ़ाकर ₹8,100
*4. जसवंत किशोर खिताब*
प्रथम पुरस्कार: ₹11,000 से बढ़ाकर ₹15,000
तृतीय पुरस्कार: ₹1,100 से बढ़ाकर ₹3,100
*5. जसवंत बसंत खिताब*
विजेता की पुरस्कार राशि: ₹5,100 से बढ़ाकर ₹7,100
तृतीय पुरस्कार: ₹1,100 से बढ़ाकर ₹2,100
इनामी राशि में की गई इस वृद्धि का उद्देश्य पहलवानों को बेहतर प्रोत्साहन देना, प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा उठाना और भरतपुर की पारंपरिक कुश्ती को व्यापक पहचान दिलाना है। विशेष रूप से जसवंत केसरी, भरतपुर जिला केसरी एवं अन्य प्रमुख खिताबों की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी से पहलवानों को अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
▪️*19 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से होगा पहलवानों का वजन*
कुश्ती संघ के सचिव श्री चुन्नी कप्तान के सुझावों के अनुरूप दंगल के प्रथम दिवस की समय-सारणी निर्धारित की गई है। इसके तहत 19 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहलवानों का वजन लिया जाएगा। सभी पहलवानों को निर्धारित समयावधि में महाराजा सूरजमल कुश्ती अखाड़े में उपस्थित होकर अपना वजन दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
▪️*गुर्ज, पट्टा एवं पदकों से सम्मानित होंगे विजेता*
बैठक में यह भी प्रस्तावित किया गया कि पूर्व वर्षों की परंपरा के अनुसार विभिन्न खिताब वर्गों के विजेताओं को भव्य गुर्ज, पट्टा तथा स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और कुश्ती की गौरवशाली परंपरा को विशेष महत्व दिया जाएगा।
▪️*स्थानीय, राष्ट्रीय एवं बाल पहलवानों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर*
दंगल समिति के अनुसार, इस वर्ष जिला डीग के स्थानीय पहलवानों को भी प्रतियोगिता में विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न हिस्सों से नामी पहलवानों को आमंत्रित किया गया है। भविष्य की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बाल पहलवानों की कुश्तियां भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
▪️*सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन पर विशेष जोर*
जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) ने पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी एवं आयोजन को भव्य स्वरूप देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने दंगल के दौरान सुरक्षा, शांति, अनुशासन एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतियोगिता गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान) श्री हरिराम कुमावत, सीओ सिटी एवं आईपीएस अधिकारी श्रीमती आशिमा वासवानी, पशुपालन विभाग भरतपुर के उपनिदेशक डॉ. मनीष शर्मा, खेलकूद विभाग भरतपुर से श्री आशीष कुमार गुप्ता, कुश्ती संघ से श्री लाखन पहलवान तथा दंगल समिति के सदस्य डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, श्री पवन कुमार, श्री जितेंद्र सिंह एवं श्री राजेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 का यह विराट कुश्ती दंगल भरतपुर की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति को प्रोत्साहित करने, स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों को मंच प्रदान करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।
दंगल की तिथि: 19 से 21 अक्टूबर 2026
स्थान: महाराजा सूरजमल कुश्ती अखाड़ा, नुमाइश मैदान, भरतपुर
पहलवानों का वजन: 19 अक्टूबर 2026, प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक
___०००___