
गरिमा एवं सम्मान के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस
जिला चिकित्सालय हिंडौन सिटी में रामाश्रय शिविर आयोजित, 200 से अधिक वृद्धजनों ने लिया चिकित्सा परामर्श
हिण्डौन सिटी।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजकीय जिला चिकित्सालय हिण्डौन सिटी में रामाश्रय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र गुप्ता ने किया। इस दौरान 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
रामाश्रय नोडल अधिकारी डॉ. आशीष कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर में फिजिशियन, अस्थि रोग विशेषज्ञ, मानसिक रोग विशेषज्ञ, कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ तथा नेत्र रोग विशेषज्ञों ने वृद्धजनों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। चिकित्सकों ने वृद्धावस्था में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता, मांसपेशियों की ताकत, दृष्टि, सुनने की क्षमता तथा विभिन्न अंगों की कार्यक्षमता में धीरे-धीरे कमी आने लगती है। वृद्धावस्था में उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मधुमेह, ऑस्टियोआर्थराइटिस, ऑस्टियोपोरोसिस, फ्रैक्चर, स्ट्रोक, पार्किंसन, डिमेंशिया, अल्जाइमर, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, सुनने में कमी, श्वसन संबंधी रोग, क्रॉनिक किडनी डिजीज, प्रोस्टेट संबंधी समस्या, कैंसर तथा अवसाद, अकेलापन और नींद संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
शिविर में चिकित्सकों ने स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। पर्याप्त प्रोटीन, हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, कैल्शियम एवं विटामिन युक्त भोजन लेने तथा नमक, चीनी, तले-भुने और अत्यधिक वसा वाले खाद्य पदार्थों को सीमित करने की बात कही गई। साथ ही पर्याप्त पानी पीने, नियमित रूप से हल्का व्यायाम, पैदल चलने, योग, स्ट्रेचिंग और संतुलन बढ़ाने वाले व्यायाम करने की सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाओं का समय पर सेवन, पर्याप्त नींद, स्वच्छता, टीकाकरण और गिरने से बचाव के उपाय अपनाने पर भी जोर दिया। धूम्रपान एवं शराब से दूर रहने तथा सामाजिक रूप से सक्रिय और मानसिक रूप से सकारात्मक रहने का संदेश दिया गया।
शिविर को लेकर शहर के वृद्धजनों में उत्साह का माहौल रहा। शिविर में 200 से अधिक वृद्धजनों ने चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र गुप्ता, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. विजय सिंह मीणा, डॉ. रत्नेश मीणा, डॉ. रेखा गोयल, डॉ. हेमराज सैनी, डॉ. मुकेश गुर्जर, नर्सिंग अधीक्षक ओमीलाल गौड़, नर्सिंग ऑफिसर धनराज अवस्थी, नर्सिंग ऑफिसर अमित शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा सहित चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा।