* सांगानेर सदर थाने का एएसआई 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर, दिनांक 01.10.2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय, जयपुर इकाई द्वारा आज ट्रेप कार्यवाही करते हुए श्री महेश चन्द मीणा, सहायक उप निरीक्षक, पुलिस थाना सांगानेर सदर, आयुक्तालय जयपुर (दक्षिण) को परिवादी से 10,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कि एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय, जयपुर को शिकायत प्राप्त हुई कि परिवादी के मामा द्वारा पुलिस थाना सांगानेर सदर में दर्ज करवाये गये प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी आरोपी श्री महेश चन्द मीणा, सहायक उप निरीक्षक द्वारा परिवादी के मामा के नाम की पिकअप को छोड़ने तथा सहपरिवादी को मुल्जिम नहीं बनाने की एवज में 20-20 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
उक्त शिकायत के संबंध में सत्यापन की कार्यवाही करवाई गई। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा उक्त प्रकरण में राजीनामा होने के दस्तावेज मांगकर पिकअप को छोड़ने तथा प्रकरण का निस्तारण करने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत राशि लेना स्वीकार करते हुए रिश्वत की मांग करने के तथ्य सामने आये।
जिस पर एसीबी उप महानिरीक्षक द्वितीय, जयपुर श्री ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय, जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में ट्रेप कार्यवाही की गई।
आरोपी महेश चन्द मीणा, सहायक उप निरीक्षक द्वारा परिवादी एवं सहपरिवादी से प्रकरण में राजीनामा के दस्तावेज तथा सहपरिवादी से पूछताछ करने के पश्चात परिवादी से 10 हजार रुपये रिश्वत राशि प्राप्त कर अपनी पहनी हुई जिन्स की जेब में रख ली गई। ट्रेप कार्यवाही के दौरान उक्त रिश्वत राशि आरोपी की पहनी हुई पेन्ट की उक्त जेब से बरामद कर ली गई। मौके पर अग्रिम कार्यवाही जारी है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्रीमती एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध ACB में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिले, तो प्रकरण की वस्तुस्थिति एवं उपलब्ध तथ्यों की जानकारी हेतु ACB की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार औपचारिक रूप से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है।
ACB द्वारा दोष सिद्ध होने से पूर्व, तथ्यों एवं प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण कर नियमानुसार ही अग्रिम कार्रवाई की जाती है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।