
मोरनी हिल्स की सड़कों का बुरा हाल, गड्ढों से ग्रामीणों में रोष
मोरनी। हरियाणा के एकमात्र हिल स्टेशन मोरनी हिल्स में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में रोष है। चंडी मंदिर-जल्लाह-थापली क्षेत्र में सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और विभागीय लापरवाही के चलते सड़क कुछ समय बाद ही खराब हो गई।
जल्लाह-थापली-मोरनी मार्ग पर सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार जल्लाह-थापली-मोरनी रोड की हालत बेहद खराब है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि गड्ढों में वाहन गिरने से दोपहिया वाहनों में बार-बार खराबी आ रही है और उन्हें मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है।
अम्बवाला से कन्या देवी मंदिर तक भी सड़क जर्जर
अम्बवाला से कन्या देवी मंदिर के आसपास सड़क पर दूर-दूर तक गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। भोज मटोर और थापली पंचायत के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
वहीं, नंदपुर से थापली रोड की स्थिति भी निर्माण के समय से ही खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कई कार्य अब तक अधूरे पड़े हैं।
सड़क किनारे मलबे से भी हादसों का खतरा
थापली सरपंच सुनील कुमार, मनोज शर्मा, शिवम विजय शर्मा, अजय शर्मा, नवीन शर्मा और अनुज सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर मलबे के ढेर लगे हुए हैं। इससे सड़क संकरी होने के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों पर्यटक और निजी वाहन गुजरते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद जल्द मरम्मत का आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है।
अधिकारियों के दौरे की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़कों की मरम्मत नहीं करवाई गई तो वे उपायुक्त पंचकूला और संबंधित उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सड़क की स्थिति दिखाएंगे और विभागीय लापरवाही को उजागर करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पर्यटक सीजन और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।