बेकरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 127 किलो 690 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद
उदयपुर। बेकरिया थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक ब्रेजा कार से 127 किलो 690 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार को रुकने का इशारा किया गया। चालक पुलिस को देखकर वाहन को भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
कार की तलाशी लेने पर 7 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा 127 किलो 690 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया।
कार का नंबर RJ27 CF6425 बताया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई।