
पेयजल संकट से आक्रोशित ग्रामीणों ने #कादिरगंज बाजार किया जाम
नवादा। सदर प्रखंड के कादिरगंज पंचायत अंतर्गत दुलारपुर गांव के महादलित टोला में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतरकर कादिरगंज बाजार को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा।
ग्रामीणों का कहना था कि उनके घरों तक नल-जल योजना का पानी नहीं पहुंच रहा है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से नल-जल व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कर घरों तक नियमित पानी पहुंचाने की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही कादिरगंज थानाध्यक्ष अवध किशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद कादिरगंज बाजार में आवागमन सामान्य हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नल-जल योजना की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो उन्हें दोबारा सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
Nawada, Nawada | Aug 14, 2026