
मेघपुरा में सांप का रेस्क्यू, बस्सी सेंचुरी में छोड़ा सुरक्षित
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। बस्सी वन्यजीव रेंज क्षेत्र के मेघपुरा गांव में उस समय ग्रामीणों और परिवारजनों में डर का माहौल बन गया, जब एक सांप आबादी क्षेत्र में दिखाई दिया। सांप को देखकर परिवारजन और ग्रामीण घबरा गए और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बस्सी वन्यजीव रेंज के रेंजर भगवतीलाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ईको टूरिज्म साइट मेघपुरा के इंचार्ज वनपाल ललित सिंह को इसकी जानकारी दी। ललित सिंह ने तत्परता दिखाते हुए वनरक्षक राजकुमार माली को रेस्क्यू उपकरणों के साथ टीम सहित मौके पर भेजा।
मौके पर पहुंची वन्यजीव टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। वनरक्षक राजकुमार माली ने अपने अनुभव और कौशल का इस्तेमाल करते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान सांप की पहचान धामन प्रजाति के रूप में हुई।
रेस्क्यू के बाद धामन सांप को आबादी क्षेत्र से दूर बस्सी अभयारण्य में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन्यजीव टीम की तत्परता से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मेघपुरा के ग्रामीणों और परिवारजनों ने समय पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित रेस्क्यू करने तथा उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए बस्सी वन्यजीव टीम का आभार जताया।