मजदूर की बेटी बनीं असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर, स्वाध्याय से हासिल की बीपीएससी में सफलता
बक्सर जिले के बनारपुर गांव की बेटी सुंदरी कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर पद पर चयनित होकर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
सुंदरी कुमारी के पिता अनिल रविदास मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सुंदरी ने हौसला नहीं छोड़ा और बिना किसी कोचिंग के केवल स्वाध्याय (सेल्फ स्टडी) के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। सुंदरी की इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा लोग उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।
सुंदरी कुमारी को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।