
Court News : अब बेल बॉन्ड पर फोटो जरूरी, जमानतदारों का होगा पुलिस वेरिफिकेशन
#bokaro #BokaroNews #bokarocourt
Bokaro: जिला न्यायपालिका ने जमानत देने की प्रक्रिया को और सख्त कर दिया है। अब आरोपी की जमानत मंजूर होने के बाद जमानत बांड की अंतिम पुष्टि से पहले जमानतदारों और श्योरिटीज का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बोकारो की ओर से सभी न्यायालयों के लिए कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
##जमानत बांड पर लगेगी फोटो
नए निर्देश के अनुसार जमानत बांड पर जमानतदारों की तस्वीर अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी। साथ ही उनके दस्तावेज संबंधित थाना भेजे जाएंगे, जहां पुलिस उनकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन करेगी।
##एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
संबंधित थानों को दस्तावेज प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर सत्यापन रिपोर्ट न्यायालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य ऐसे लोगों की सही पहचान सुनिश्चित करना है, जो आरोपियों के लिए जमानतदार बनते हैं और जमानत प्रक्रिया के संभावित दुरुपयोग पर रोक लगाना है।
##रिपोर्ट आने तक जमानत बांड रहेगा अस्थायी
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि न्यायालय जमानत बांड को प्रारंभिक तौर पर एक सप्ताह के लिए स्वीकार कर सकता है। संबंधित थाना से उचित सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद ही जमानत बांड की अंतिम पुष्टि की जाएगी।
##अधिवक्ताओं को भी दी जाएगी जानकारी
बोकारो और तेनुघाट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिवों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी अधिवक्ताओं को संशोधित प्रक्रिया की जानकारी दें और इसका अनुपालन सुनिश्चित कराएं। आदेश की प्रतियां बोकारो एवं तेनुघाट के सभी न्यायालयों, बोकारो एसपी तथा संबंधित न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
Chas, Bokaro | Sep 13, 2026