
Ambala Media:"
चुनाव आयोग पर आरोपों के बजाय तथ्यों और संवैधानिक प्रक्रिया पर हो चर्चा : मेयर अक्षिता सैनी
SIR और मतदाता सूची को लेकर मेयर ने कहा—आधिकारिक दस्तावेजों व न्यायालय के आदेशों के आधार पर हो संवाद
अंबाला, 30 सितंबर। अंबाला नगर निगम की मेयर अक्षिता सैनी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और मतदाता सूची का पुनरीक्षण उसकी निर्धारित जिम्मेदारियों का हिस्सा है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा भी मौजूद रहे।
मेयर अक्षिता सैनी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों, आधिकारिक दस्तावेजों और न्यायालय के फैसलों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि SIR और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की ओर से जारी जानकारी, Form-6 तथा न्यायालय में हुई कार्यवाही जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में SIR से जुड़े मामले में चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की वैधानिकता पर फैसला दिया था। अदालत ने SIR को चुनाव आयोग के संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों के दायरे में माना और प्रक्रिया को लेकर उठाए गए विभिन्न सवालों पर विचार किया।
मेयर ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले संबंधित न्यायिक आदेशों, निर्वाचन आयोग के आधिकारिक रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों को देखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा हो सकता है, लेकिन ऐसे सवाल प्रमाणित तथ्यों के आधार पर ही उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदार और तथ्यात्मक संवाद बनाए रखने की अपील की।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता से जुड़े ठोस मुद्दे नहीं हैं और इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए चुनाव प्रक्रिया तथा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा नेता रितेश गोयल, सुरिंदर गई, यशपाल चौधरी, मेहर चौधरी, योगेश साहनी, आकाश बंसल, मुकेश शर्मा, सत्यम बंसल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंबाला मीडिया
Ambala, Ambala | Oct 1, 2026