
झंडा दिवस कोष में धन संग्रह हेतु ‘एक शाम शहीदों के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, देश की रक्षा में शहीद वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से किया गया नमन।
दिनांक 06 सितंबर 2026 को झंडा दिवस कोष में धन संग्रह के उद्देश्य से ‘एक शाम शहीदों के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन के.एल.एस. कॉलेज, नवादा में किया गया। यह कार्यक्रम सैनिक कल्याण निदेशालय, गृह विभाग (आरक्षी शाखा), बिहार, पटना के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता, नवादा श्री मनोज कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों, कलाकारों एवं आमजनों ने देश की सुरक्षा, संप्रभुता एवं अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके अदम्य साहस, शौर्य, त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा विभिन्न देशभक्ति गीत, संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा वीर शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त किया। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की तथा वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।
उल्लेखनीय है कि सैनिक कल्याण निदेशालय, बिहार द्वारा उपलब्ध कराए गए कार्यक्रम के अनुसार आज 07 सितंबर 2026 को रजौली अनुमंडल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 8, 2026