जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने खाद वितरण में लापरवाही को लेकर प्रशासन को दी चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। डीएमओ गोदाम में खाद न मिलने से परेशान किसान सुबह 6 बजे से बारिश में लाइन में लगे हैं। जिला प्रशासन 2 महीने से टोकन का बहाना लेकर वितरण रोके बैठा है और खाद की उपलब्धता देखी जाए तो किसानों को पर्याप्त खाद नहीं दे पा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि जब जिला प्रशासन के पास पर्याप्त मात्रा में खाद है तो किसानों को दे क्यों नहीं रहे। जिला प्रशासन का उद्देश्य सिर्फ किसानों को परेशान करना है। बाजार में हर जगह खाद उपलब्ध है तो पिछले एक माह से खाद का वितरण बंद क्यों कर रखा है। ऐसे में किसानों को खाद की कमी से हो रहे नुकसान का हर्जाना कौन भरेगा। जिला प्रशासन और सरकार दोनों किसानों का शोषण करने में लगी है, जिसे जिला कांग्रेस कमेटी कभी होने नहीं देगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने डीएमओ गोदाम में नायब तहसीलदार एवं कृषि अधिकारी को स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर जिला प्रशासन ने यहां और अधिक काउंटर नहीं बढ़ाए और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया एवं किसानों को खाद की कमी आई तो जिला कांग्रेस कमेटी किसानों के साथ कृषि कार्यालय का घेराव करेगी। इसकी समस्त जवाबदेही जिला प्रशासन और कृषि विभाग की होगी।