
रबी सीजन के लिए जिले में 14,715 क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध
===
चना, मसूर, सरसों, अलसी, मटर एवं गेहूं के बीज का पर्याप्त भंडारण
===
किसानों से अधिकृत विक्रय केंद्रों एवं सहकारी संस्थाओं से बीज खरीदने की अपील
===
आगामी रबी मौसम में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में पर्याप्त मात्रा में विभिन्न फसलों के बीज का भंडारण किया गया है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जिले में बीज की उपलब्धता की निरंतर समीक्षा की जा रही है। विभाग के अनुसार किसानों की मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप जिले में पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध हैं।
तीन संस्थाओं में उपलब्ध है बीज का भंडारण
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने जानकारी दी है किजिले में मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के पास 3,600 क्विंटल, शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों में 268.50 क्विंटल तथा बीज संघ एवं अन्य अधिकृत संस्थाओं के पास 10,847 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इस प्रकार जिले में कुल 14,715 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है। इसमें चना, मसूर, सरसों, अलसी, मटर एवं गेहूं की फसलों के बीज शामिल हैं।
कृषि विभाग ने किसानो से अपील की है कि वे रबी फसलों की बोवनी के लिए अधिकृत विक्रय केंद्रों एवं संबंधित सहकारी संस्थाओं से प्रमाणित बीज ही क्रय करें। बीज खरीदते समय उसके टैग, बिल एवं वैधता की जांच अवश्य करें। संस्था से बीज खरीदने के बाद उसका देयक (बिल) अनिवार्य रूप से प्राप्त करें तथा उसे सुरक्षित संभालकर रखें।
विभाग ने यह भी कहा है कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता होती है अथवा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बीज का विक्रय किया जाता है, तो किसान संबंधित विकासखंड के कृषि विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दे सकते हैं, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
#शहडोल #shahdol