
हल्द्वानी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ बनभूलपुरा का युवक गिरफ्तार
हल्द्वानी (नैनीताल), 24 नवंबर 2026। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। लालकुआं पुलिस और एसओजी की टीम ने 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 'ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन' के तहत जिलेभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 नवंबर 2026 को लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK-04-AR-8254 से नशीले इंजेक्शनों की तस्करी कर रहे युवक को गिरफ्तार किया गया।
बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34 वर्ष), पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी गली नंबर-3, लाइन नंबर-1, आजाद नगर, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नशीले इंजेक्शन आरिफ निवासी बहेड़ी, बरेली से खरीदकर लाया था।
NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 330 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इस मामले में कोतवाली लालकुआं में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, चालक कांस्टेबल खीम सिंह, एसओजी कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
#HaldwaniNews #NainitalPolice #DrugFreeDevbhoomi #SOG #LalkuanPolice #DrugSmuggling #330Injections #Banbhoolpura #UttarakhandPolice #i7News #NashaMuktUttarakhand