
शहडोल। गुरुवार को भारी-भरकम ट्रेलर वाहनों के जमावड़े से परेशान सरईकापा वासियों ने बुढ़ार थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर वाहनों को मेन रोड से अन्यत्र जगह खड़ा करने एवं वाहनों को सड़क से दूर रखने की मांग की है। सड़क से दूर खड़े करने को कहने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत भी की गई है।
सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि सरईकापा मुख्य मार्ग के सामने भारी-भरकम वाहनों के जमावड़े के कारण विद्यार्थियों, स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं एवं ग्रामवासियों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। वाहनों के खड़े होने से कई बार लोग दुर्घटना में घायल हो चुके हैं। यदि समय रहते इन वाहनों को दूसरी जगह खड़ा करने की व्यवस्था नहीं की गई, तो कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।
इस संबंध में एक भारी-भरकम वाहन चालक को सड़क पर खड़े होने पर ग्रामवासियों ने आपत्ति जताई, तो उसने जान से मारने की धमकी दी, जिसकी शिकायत भी की गई है।
इस संदर्भ में नगर निरीक्षक ने कहा कि यदि आवागमन को प्रभावित करने वाले भारी-भरकम वाहन पाए गए, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान भूपेंद्र मिश्रा, राहुल मिश्रा, अभय यादव, देवेंद्र मिश्रा, निखिल, आर्यन,प्रांशु, सानू ,रवि सहित भारी संख्या में युवा शक्ति उपस्थित रही।