
पांवटा साहिब हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, 4 दिन के पुलिस रिमांड पर
पांवटा साहिब। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक के समीप नगर परिषद की नवनिर्मित पार्किंग में शिलाई निवासी भाव सिंह ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 54 वर्षीय भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, कोटी उतरू, तहसील शिलाई के रूप में हुई है। वह सब्जी-फल का थोक कारोबार करता था और हर कुछ दिनों में सब्जी खरीदने पांवटा साहिब आता था।
पुलिस के अनुसार वारदात 18 अगस्त की तड़के हुई। भाव सिंह पर नुकीले/तेजधार हथियार से हमला किया गया। घायल अवस्था में वह करीब 150 मीटर तक विश्वकर्मा चौक की ओर पहुंचा, जहां वह गिर गया। बाद में उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से विश्वकर्मा चौक तक खून के निशान भी मिले थे।
पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मोहम्मद आमिर उर्फ फग्गू तथा रेखा उर्फ अन्नु को गिरफ्तार किया। दोनों मृतक को पहले से जानते थे। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को खंगाला जा रहा है, जबकि किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश देखने को मिला था तथा विश्वकर्मा चौक पर प्रदर्शन और चक्काजाम भी किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।
#PaontaSahib #Sirmaur #Shillai #MurderCase #HimachalPradesh #CrimeNews #PoliceInvestigation #UTHimachal #UniqueTodayNews