
पटना:
निगरानी का फर्जी अधिकारी बनकर वसूली करने वाला शातिर गिरफ्तार
बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने फर्जी निगरानी अधिकारी बनकर सरकारी अधिकारियों को धमकाने और रंगदारी वसूलने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालगंज निवासी निहाल कुमार राय के रूप में हुई है।
इंजीनियर से मांगी थी दो लाख की रंगदारी
मामले का खुलासा तब हुआ जब कटिहार में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता कृपानाथ चंद्र विश्वास ने आर्थिक अपराध थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताकर फोन किया।
आरोपी ने अभियंता को आय से अधिक संपत्ति की शिकायत होने का डर दिखाया और मामला रफा-दफा करने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की। रुपये लेकर उसने अभियंता को पटना बुलाया था।
इस संबंध में आर्थिक अपराध थाना में कांड संख्या 32/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले सबूत मिले। मोबाइल में कई अन्य इंजीनियरों और सरकारी अधिकारियों को धमकाने के मैसेज और कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। साथ ही निगरानी विभाग के साइन बोर्ड और एक वरीय अधिकारी की नेम प्लेट की तस्वीर भी मिली है, जिससे वह लोगों को झांसे में लेता था।
कई इंजीनियरों से वसूली कबूली
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इसी तरह कई अन्य इंजीनियरों से भी पैसे वसूले हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कुल कितनी ठगी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आर्थिक अपराध इकाई अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।