
रामनरेश राय हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले तेजस्वी यादव, कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
हाजीपुर। चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की हत्या के बाद गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। उनके साथ राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, राज्यसभा सांसद संजय यादव, आलोक कुमार मेहता समेत पार्टी के कई विधायक और नेता मौजूद रहे।
आवास पर पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने सबसे पहले रामनरेश राय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी और बेटे से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिवार से आरोपियों की गिरफ्तारी, पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली।
परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। गौरतलब है कि रामनरेश राय की पत्नी पहले भी अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर चुकी हैं।
सरकार पर तेजस्वी का हमला
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और हत्या जैसी वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सरकार से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
तेजस्वी यादव ने कहा कि रामनरेश राय हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच का जायजा ले चुके हैं। पुलिस हत्याकांड के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
रामनरेश राय की हत्या के बाद कई राजनीतिक नेता और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। इससे पहले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, राघोपुर के पूर्व भाजपा विधायक सतीश कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि परिवार से मिलकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
तेजस्वी यादव के दौरे के बाद इस हत्याकांड को लेकर राजनीतिक दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। अब निगाहें पुलिस की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि हत्याकांड की असली वजह क्या थी और पुलिस कब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करती है।
#RamnareshRai #RamnareshRaiMurder #Hajipur #Vaishali #VaishaliNews #HajipurNews #TejashwiYadav #RJD #BiharNews #BiharPolitics #CrimeNews #MurderCase #LawAndOrder #BiharPolice #VaishaliPolice #JusticeForRamnareshRai #YoungIndiaNews