भदोही के कालीन उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ रही सरकार: सीएम योगी
ज्ञानपुर, भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भदोही के हाथ से बने कालीनों की मांग पूरी दुनिया में लगातार बढ़ रही है। सरकार कारीगरों के हुनर को विकास, तकनीक और बाजार के नए अवसरों से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का निर्यात पिछले 10 वर्षों में करीब 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन चुका है। इसमें भदोही के कालीन उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान है।
अभयनपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कारीगरों के हुनर ने भदोही के कालीनों को दुनिया में पहचान दिलाई, उन्हें वर्ष 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अवसरों के लिए इंतजार करना पड़ता था। अब डबल इंजन की सरकार में स्थानीय हुनर को वैश्विक बाजार से जोड़ने के साथ ही कारीगरों को सम्मान और उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण के शुभारंभ का भी उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी हितलाभ प्रदान किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि देना नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया जा रहा है।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने केंद्र की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले योजनाएं तो बनती थीं, लेकिन उनका लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाता था। प्रधानमंत्री जन-धन योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले गरीबों के खातों में सीधे पैसा पहुंचाने की व्यवस्था नहीं थी, जबकि अब योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि आज गरीबों को आवास, रसोई गैस, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया, जिसके बाद देश में विकास और जनकल्याण की दिशा में तेजी से काम हुआ है।
Bara, Allahabad | Oct 4, 2026