
डीडवाना में नगर परिषद के सामने 22 वर्षीय युवक ने खाया ज़हरीला पदार्थ, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
डीडवाना। शहर के नगर परिषद कार्यालय के सामने एक 22 वर्षीय युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में ज़हरीला/नशीला पदार्थ गटक लेने का मामला सामने आया है। पदार्थ का सेवन करने से युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित की पहचान कुलदीप सिंह (22) पुत्र निवासी किरडोली बड़ी (ढहर का बास), जिला सीकर के रूप में हुई है। नगर परिषद के सामने युवक को अचेत व तड़पते देख मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट रामपाल और ईएमटी आसिफ खान तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचे और युवक को तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल ले गए।अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की टीम ने युवक का प्राथमिक इलाज शुरू किया, लेकिन सेहत में सुधार न होने और हालत गंभीर बने रहने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत उच्च चिकित्सा संस्थान (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी बांगड़ अस्पताल पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। फिलहाल युवक द्वारा ज़हरीला पदार्थ खाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।