
मोतिहारी में 50 लाख की सनसनीखेज डकैती: CCTV की हार्ड डिस्क ले उड़े बदमाश, SP बोले- मामला संदेहास्पद!
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण):
शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर (एकौना मानसपुरी) में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए हथियारबंद बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। पीडब्ल्यूडी (PWD) कर्मी अनिल गुप्ता के घर में शाम के वक्त घुसे आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने मां और बेटे को पिस्तौल की नोक पर बंधक बना लिया।
करीब 20 मिनट तक घर में तांडव मचाते हुए अपराधियों ने अलमारी और लॉकर खंगालकर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली।
CCTV हार्ड डिस्क और सिम भी ले भागे शातिर:
वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन और सिम कार्ड तक अपने साथ उखाड़ कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार और नगर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। गृहस्वामी के आवेदन पर आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों पर FIR दर्ज कर ली गई है। वहीं, एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। मामले के खुलासे के लिए एसआईटी (SIT) और डीआईयू (DIU) की टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
#Motihari #EastChamparan #BiharCrime #Dacoity #LootKand