
26 जून अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर जिला डिंडोरी में हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित, नशा मुक्त जिला बनाने का लिया गया संकल्प
डिंडोरी 26 जून अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला डिंडोरी को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा "नशा मुक्ति भारत अभियान" के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान एवं सामूहिक नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री श्याम सिंगौर द्वारा हस्ताक्षर अभियान से किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। सभी ने शपथ ग्रहण करते हुए स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया।
जिले में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण करना रहा। कार्यक्रम में नशा मुक्ति का संदेश देते हुए लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा भी जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़कर अपने परिवार, गांव और जिले को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग दें।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP