रसोइयों का कुकिंग कम्पटीशन आयोजित
डिंडौरी, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण कार्यक्रम परिषद भोपाल के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत डिंडौरी के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत बजाग में कुक कम हेल्पर (रसोइयों) का कुकिंग कम्पटीशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड के 6 जनशिक्षा केंद्रों से कुल 60 रसोइयों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बजाग की अध्यक्ष श्रीमती फूलकली मरावी ने की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रूपेश परस्ते सहित जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों ने स्थानीय एवं पोषणयुक्त व्यंजनों का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों द्वारा कुटकी की खीर, कोदो एवं मक्का का पेज, मक्का एवं चने की रोटी के साथ चकोड़ा एवं चेंच भाजी सहित अन्य पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा खीर, पुड़ी, चीला, मालपुआ, दाल-चावल एवं विभिन्न प्रकार की सब्जियां भी परोसी गईं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की।
निर्णायक मंडल ने स्वाद, गुणवत्ता एवं विविधता के आधार पर प्रतिभागियों का चयन कर पुरस्कार प्रदान किए। प्रथम पुरस्कार श्रीमती धनिया बाई, द्वितीय पुरस्कार श्रीमती पार्वती बाई एवं सुशीला बाई तथा तृतीय पुरस्कार श्रीमती नर्मदा बाई, श्रीमती शांति बाई एवं श्रीमती बेला बाई को प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए। विजेताओं को क्रमशः 5000, 3000, 2000 एवं 1000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र दिए गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यालयों में स्वच्छ, स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर बल दिया तथा रसोइयों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
59 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 26, 2026