
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया ने किया आश्रम छात्रावास का निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर।। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया ने सवाई माधोपुर स्थित आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
सीईओ ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की कक्षा भी ली और अध्ययन के प्रति नियमितता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान एवं पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का भी आकलन किया।
इस दौरान सीईओ ने विद्यालय प्रशासन एवं छात्रावास प्रबंधन को विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।