
मुंबई में मेवाड़ के सम्मान पर प्रहार, राजपूत समाज सहित 36 कौम में भारी आक्रोश
सम्मानित व्यक्तित्वों की तस्वीरें रौंदने की घटना पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा की कड़ी चेतावनी – कार्रवाई नहीं हुई तो समस्त राजपूत समाज के साथ मुंबई पहुंचेंगे
उदयपुर। मुंबई में मेवाड़ के महाराणा साहब श्री विश्वराज सिंह मेवाड़, हाड़ा चौहान राजवंश बूंदी के ब्रिगेडियर श्री भूपेश सिंह हाड़ा एवं श्री राजवीर सिंह जी की तस्वीरों को सार्वजनिक रूप से पैरों तले रौंदकर तथाकथित उग्र विरोध किए जाने की घटना को लेकर राजपूत समाज सहित 36 कौम में भारी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है समाजजन इस घटना को मेवाड़ के गौरव, सम्मान एवं स्वाभिमान पर सीधा प्रहार मानते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना उदयपुर के जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है किंतु किसी सम्मानित व्यक्ति की तस्वीरों को सार्वजनिक रूप से पैरों तले रौंदना लोकतांत्रिक विरोध नहीं बल्कि समाज की भावनाओं को आहत करने वाला अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य है
उन्होंने कहा कि मेवाड़ और बूंदी की गौरवशाली परंपरा त्याग, बलिदान, शौर्य, राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान की अमर गाथाओं से परिपूर्ण है ऐसे सम्मानित व्यक्तित्वों का अपमान केवल राजपूत समाज का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की भावनाओं पर आघात है जो राष्ट्र, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का सम्मान करते हैं। यही कारण है कि इस घटना को लेकर राजपूत समाज सहित 36 कौम में व्यापक नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है
जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा ने महाराष्ट्र सरकार, राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए समाज के सम्मान और अस्मिता से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने का कार्य करे
उन्होंने कहा कि राजपूत समाज कानून एवं संविधान में पूर्ण विश्वास रखता है, लेकिन सम्मान और स्वाभिमान के विषयों पर मौन रहना समाज की प्रकृति नहीं है। प्रशासन को इस गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे समाज में न्याय एवं विश्वास बना रहे
अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना समस्त राजपूत समाज के साथ मुंबई पहुंचेगी। मुंबई में भी करणी सेना की मजबूत टीम सक्रिय है और समाज के सम्मान एवं स्वाभिमान से जुड़े इस विषय पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। समाज अपने गौरव, अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा
उन्होंने कहा कि राजपूत समाज सदैव राष्ट्रहित। सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाता आया है तथा भविष्य में भी समाज की अस्मिता, गौरव और सम्मान की रक्षा हेतु एकजुट होकर खड़ा रहेगा।