
अफीम तस्करी के आरोपी पिता को जेल जाने से बचाने के लिए कनाडा में बैठे आईटी एक्सपर्ट बेटे ने रची हाईटेक साजिश, राजस्थान हाईकोर्ट के तीन फर्जी जमानत आदेश पोर्टल पर किए अपलोड; पुलिस ने पंजाब से पिता-पुत्र को दबोचा
19 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी, 30 दिन की अंतरिम जमानत के बाद फरार हो गया था आरोपी पिता; 12, 15 व 26 अक्टूबर के फर्जी आदेशों की पुष्टि
#Lalbahadurbhakhar #RajasthanNews
जोधपुर राजस्थान:-लालबहादुर भाखर:-न्यायिक प्रणाली और राजस्थान उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) के आधिकारिक पोर्टल से छेड़छाड़ कर फर्जी जमानत आदेश तैयार करने के सनसनीखेज मामले का जोधपुर पश्चिम की कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के मोगा निवासी मुख्य आरोपी पिता कुलविंदर सिंह पनेसर (53) और उसके आईटी एक्सपर्ट पुत्र मनप्रीत सिंह पनेसर (27) को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को जोधपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
अफीम तस्करी में बंद था पिता, अंतरिम जमानत के बाद हुआ था फरार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलविंदर सिंह श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाने में दर्ज 8.6 किलोग्राम अफीम तस्करी (NDPS एक्ट) के मामले में जेल में निरुद्ध था। 6 मई 2026 को उसने अपनी पत्नी की सर्जरी का हवाला देकर 30 दिन की अंतरिम जमानत हासिल की थी। नियमानुसार उसे 9 जून को वापस जेल में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करना था, लेकिन वह फरार हो गया।
कनाडा में कार्यरत बेटे ने रचा फर्जीवाड़े का खेल
पिता को दोबारा जेल जाने और पुलिस गिरफ्तारी से बचाने के लिए वर्ष 2018 से कनाडा में एक आईटी कंपनी में कार्यरत उसके बेटे मनप्रीत सिंह ने तकनीकी जालसाजी की साजिश रची। मनप्रीत ने राजस्थान हाईकोर्ट की वेबसाइट व आदेशों के प्रारूप से छेड़छाड़ कर 12, 15 और 26 अक्टूबर 2026 की तिथियों के तीन फर्जी जमानत आदेश तैयार किए और उन्हें पोर्टल पर अपलोड कर दिया।
हाईकोर्ट प्रशासन की सतर्कता से खुला राज
3 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा की गई आंतरिक जांच में इन तीनों जमानत आदेशों के क्रमांक (रजिस्ट्रेशन नंबर) और लोक अभियोजक के नामों में गंभीर विसंगतियां पाई गईं, जिसके बाद इनके पूरी तरह फर्जी होने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर एफआईआर दर्ज की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर 10 नवंबर को दोनों को हिरासत में लिया और जोधपुर लाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब रिमांड अवधि के दौरान इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि इस साइबर जालसाजी में कोई अन्य गिरोह भी शामिल है या नहीं।
ब्यूरो रिपोर्ट: लालबहादुर भाखर (L.b. Bhakhar)
संपर्क: 9875131305/7014718676
#JodhpurNews #RajasthanHighCourt #FakeBailOrder #JodhpurPolice #NDPSCase #CyberFraud #RajasthanNews #PrintMedia #LbBhakharNews #LbBhakhar #राजस्थान_हाईकोर्ट #जोधपुर_पुलिस #बड़ी_खबर