
जापान और नेपाल ने तो भारतीय आम पर बैन लगा दिया है लेकिन अमेरिका में इन दिनों भारतीय आमों को लेकर जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। सिएटल से लेकर लॉस एंजिलिस और न्यू जर्सी से लेकर वॉशिंगटन डीसी तक केसर, अल्फांसो और लंगड़ा जैसे आम की वैरायटी की बिक्री इतनी बढ़ गई है कि बड़े-बड़े रिटेल स्टोर्स में कुछ ही घंटों में खत्म हो जा रहे हैं। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा का कहना है कि भारतीय आमों की बढ़ती लोकप्रियता सिर्फ भारतीय मूल के लोगों की पुरानी यादों से नहीं जुड़ी है, बल्कि अब अमेरिकी लोग भी भारतीय फलों के स्वाद को पसंद करने लगे हैं।
कई दशकों तक भारतीय-अमेरिकी लोग गर्मियों में भारत जाकर अल्फांसो, केसर, लंगड़ा और दशहरी आमों का स्वाद लेते थे और फिर उनकी यादें अपने साथ अमेरिका ले जाते थे, लेकिन अब यही आम अमेरिका के बड़े रिटेल स्टोर्स में भी मिलने लगे हैं, जिससे लोग हजारों किलोमीटर दूर रहते हुए भी भारतीय आमों का स्वाद चख पा रहे हैं। क्वात्रा ने इस महीने वॉशिंगटन में भारतीय दूतावास की ओर से आयोजित किए जाने वाले एक मैंगो फेस्टिवल से पहले कहा, 'अमेरिका में रहने वाले भारतीयों के लिए आम गर्मियों की यादों का एक खास हिस्सा हैं। गर्मी की छुट्टियां और आम का स्वाद दोनों की यादें साथ जुड़ी हुई हैं।'
#mango #indiajapan #mangoexport