चूरू में शिव पुराण व रुद्राक्ष महोत्सव का हुआ शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा
चूरू: बद्रीनारायण मंदिर की ओर से आयोजित सात दिवसीय संगीतमय शिव पुराण कथा एवं रुद्राक्ष महोत्सव का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गढ़ गोपालजी मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर और श्रद्धालु भक्त भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। कलश यात्रा में बैंड-बाजे के साथ भगवान नारायण की संजीव झांकी और नृत्य करते कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा का शहर में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था भी की गई। कथा व्यास आचार्य बृजेश महाराज, श्रीधाम वृंदावन के सानिध्य में निकली यात्रा में चूरू विधायक हरलाल सहारण ने महाराज का माला पहनाकर अभिनंदन किया। कलश यात्रा गढ़ चौराहा, सफेद घंटाघर, भाईजी चौक, जलेबी चौक और झारिया मोरी होते हुए प्रतिभा नगर स्थित कुदाल भवन कथा स्थल पहुंची। यहां पंडित सुभाष सहल ने मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन करवाया। कथा व्यास आचार्य बृजेश महाराज ने कहा कि चूरू धर्म नगरी है और छोटी काशी के नाम से विख्यात है। यहां लोग धर्म-कर्म के प्रति जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र महीने में शिव पुराण कथा का आयोजन अत्यंत मंगलकारी है। भगवान भोलेनाथ दयालु हैं और भक्त सच्चे मन से ओम नमः शिव,ओम नमः शिवाय का जाप करे तो भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। आयोजन समिति के कैलाश चंद्र नवहाल ने बताया कि कुदाल भवन कथा स्थल पर प्रतिदिन सुबह 5 बजे नित्य स्तुति एवं प्रार्थना होगी। इसके बाद सुबह 6 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। शिव पुराण कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1:15 बजे से होगा। आयोजन समिति ने भव्य कलश यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। नगर परिषद के कर्मचारियों ने भी आवारा पशुओं को यात्रा मार्ग से दूर रखने में सहयोग किया। #ShriShivmahapuranKatha
#KalashYatra #follower #nonfollowers
#viralpost #highlight #hiighlightseveryone