
बिजली-पानी व सीवरेज व्यवस्था पर भिवानी प्रशासन गम्भीर :डीसी साहिल गुप्ता
भिवानी
डीसी साहिल गुप्ता ने लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की बिजली, पेयजल व सीवरेज आदि समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह से गंभीर है। शहर को गंदगी से मुक्त बनाने में आमजन का सहयोग जरूरी है। शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए सामाजिक संस्थाओं और प्रबुद्घजनों को जिला प्रशासन के साथ आना होगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे सडक़ों के किनारे या गलियों में इधर-उधर कचरा ना डालें।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय द्वारा शहर में अनेक स्थानों को कचरा मुक्त बनाकर उनका सौंदर्यकरण किया गया था, लेकिन लोगों द्वारा वहीं या उस स्थान के आसपास स्थान पर कचरा डालना सही नही है। शहर को गंदगी से मुक्त बनाने में लोगों को जिला प्रशासन के साथ आना होगा। उन्होंने बताया कि गंदगी से संबंधित शिकायत देने के लिए शहरी स्थानीय निकाय द्वारा बाकायदा नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक 18002031371, 8053609453 और 8053609445 पर सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायत दे सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे लोगों को गलियों या सडक़ों पर अतिक्रमण ना करें। प्रशासन द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाता है।