
ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा मुक्ति टीम की पहल, 4 नशा पीड़ितों को उपचार के लिए अस्पताल में करवाया दाखिल
– गांव बलियाला में जागरूकता अभियान चलाकर 7 नशा पीड़ितों को चिन्हित कर दी गई निःशुल्क दवा
फतेहाबाद, 3 जून। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति अभियान के तहत नशा मुक्ति की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशे के खिलाफ जागरूकता एवं पुनर्वास अभियान चलाते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
अभियान के दौरान टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों की पहचान की गई तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर उपचार के लिए प्रेरित किया गया। टीम के प्रयासों से 4 नशा पीड़ितों की काउंसलिंग कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया, जिसके बाद उन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतिया में दाखिल करवाया गया ताकि वे चिकित्सकीय देखरेख में बेहतर उपचार प्राप्त कर सकें।
इसके अतिरिक्त गांव बलियाला में जागरूकता अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों, सामाजिक प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 7 नशा पीड़ितों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं ताकि वे नशे से मुक्ति की दिशा में सकारात्मक कदम उठा सकें।
वहीं पहले से उपचाराधीन 4 पीड़ितों की भी टीम द्वारा पुनः काउंसलिंग की गई और उनके उपचार को निरंतर बनाए रखने के उद्देश्य से आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं। नशा मुक्ति टीम द्वारा पीड़ितों की नियमित निगरानी भी की जा रही है ताकि वे पुनः नशे की ओर न लौटें।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से आह्वान किया है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
#adgphisar
#dprharyana
#dutyofpolice
#dgpharyana
#cmoharyana
#NayabSinghSaini
Uklana, Hissar | Jun 3, 2026