
भैसोदामंडी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 लाख की एमडी-अफीम और डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
भानपुरा। नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भैसोदामंडी पुलिस चौकी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों के एंड्राइड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस चौकी भैसोदामंडी थाना भानपुरा की टीम ने आम रोड स्थित सोनू चाय की दुकान के पास कार्रवाई की। मौके से राजस्थान निवासी सुरेन्द्र सिंह पिता महिपाल सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम सरवर, थाना उन्हैल नागेश्वर, जिला झालावाड़ को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है, तथा 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये है, बरामद किया। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 16 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है।
मामले की विवेचना के दौरान आरोपी सुरेन्द्र सिंह के साथी संजीव कुमार पिता बाबूलाल व्यास, उम्र 28 वर्ष, निवासी जेताखेड़ी, थाना गंगधार, राजस्थान को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये है, तथा दोनों आरोपियों के एंड्राइड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला की टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।