
*एडीसी राहुल मोदी ने नाजायज कब्जे हटाने के निर्देश दिए*
*-समाधान शिविर में एडीसी ने सुनी आम जन की समस्याएं*
*रेवाड़ी, 12 नवंबर।*
डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में वीरवार को आयोजित हुए समाधान शिविर में एडीसी राहुल मोदी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गढी बोलनी रोड से खेड़ी मोतला तक अतिक्रमण हटवाए जाएं। उन्होंने कहा कि आम जन की समस्याओं का त्वरित निवारण किया जाए।
शिविर में गांव बिठवाना के निवासियों ने शिकायत रखी कि बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण उन्हें नियमित रुप से विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। एडीसी ने बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता को ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए। आसियाकी गौरावास गांव के एक व्यक्ति ने गांव में आम रास्ते से अवैध कब्जे हटवाने की शिकायत रखी। एडीसी राहुल मोदी ने बीडीपीओ को रास्तों की पैमाइश करवा कर अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक शिकायत के आधार पर बास दूधा गांव में नाजायज कब्जे हटवाने के लिए कहा। इसके अलावा समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र व पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करते हुए निवारण करने के निर्देश दिए।
एडीसी राहुल मोदी ने कहा कि सभी अधिकारी समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही करें। किसी भी कार्यालय में आम आदमी को अकारण बार-बार चक्कर ना लगाने पड़े, ऐसी व्यवस्था हर विभाग में होनी चाहिए। इस अवसर पर एएसपी दीपिका अग्रवाल, नगराधीश जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Rewari, Rewari | Nov 12, 2026