
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शक्तिनगर में सड़क हादसे के पीछे छिपी खौफनाक हत्या की कहानी ने पुलिस को भी चौंका दिया। पत्नी के प्रेम-प्रसंग का राज खुलने के बाद पति को रास्ते से हटाने के लिए कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद साजिशकर्ताओं ने शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाई और पूरी वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की पैनी नजर से साजिश ज्यादा देर छिप नहीं सकी। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश करते हुए पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला बीना स्टेडियम, जमशीला के पास का है। 23 अगस्त को एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। पहली नजर में मामला दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल के हालात ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। जांच आगे बढ़ी तो कॉल डिटेल, लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों ने वारदात की परतें खोलनी शुरू कर दीं।
पुलिस के अनुसार, रमाशंकर की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 22 अगस्त की रात रमाशंकर ने दोनों को घर के बेडरूम में पकड़ लिया था। विवाद बढ़ने पर प्रियंका और विकास ने कथित तौर पर गला दबाकर और पत्थर के फर्श पर सिर पटककर उसकी हत्या कर दी।
Amroha, Amroha | Aug 31, 2026