माता स्वाथानी देवी/पंज पीरी मंदिर चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की पूरी संपत्ति बरामद
रक्कड़ (हिमाचल प्रदेश)। पुलिस जिला देहरा के अंतर्गत पुलिस थाना रक्कड़ की टीम ने माता स्वाथानी देवी/पंज पीरी मंदिर में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के खुलासे के आधार पर चोरी की गई सम्पूर्ण संपत्ति पंजाब के होशियारपुर से बरामद कर ली है।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पंकज कुमार (35), निवासी वार्ड नंबर-03, गगरेट, जिला ऊना और ज्योति जसवाल (27), निवासी गांव कलोह, जिला ऊना को नियमानुसार गिरफ्तार किया है।
मंदिर से चोरी की गई सभी वस्तुएं बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खुलासे के आधार पर होशियारपुर, पंजाब से चोरी की गई सम्पूर्ण संपत्ति बरामद की गई है। इसमें माता स्वाथानी देवी मंदिर की घंटियां, माता की छोटी नथ, छोटा छत्र और चरण पादुकाएं शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।