
लेह में देश सेवा के दौरान शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा, देहरादून के नागनाथ क्षेत्र में शोक की लहर
5/3 गोरखा राइफल्स के जांबाज अधिकारी ने देश के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान, पीछे छोड़ गए 9 वर्षीय बेटी
देहरादून/लेह। देश की सेवा और मातृभूमि की रक्षा करते हुए उत्तराखंड ने एक और वीर सपूत को खो दिया। देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में सेवा के दौरान 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे शहीद हो गए। उनके बलिदान की खबर मिलते ही गोरखा समाज समेत पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई।
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा भारतीय सेना की 5/3 गोरखा राइफल्स (5/3 GR) में तैनात थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे लेह स्थित स्पेशल फोर्स की यूनिफॉर्म यूनिट में AAG के पद पर सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
सैन्य परिवार से था गहरा रिश्ता
वर्ष 1984 में जन्मे लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा ने CDS परीक्षा के माध्यम से 9 दिसंबर 2006 को 5/3 गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया था। उन्हें एक कुशल, साहसी और निडर सैन्य अधिकारी के रूप में जाना जाता था।
प्रभाकर थापा का परिवार भी सेना से गहरे रूप से जुड़ा रहा है। उनके पिता श्री निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती कमला थापा हैं।
9 साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा अपने पीछे 9 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। एक सैनिक पिता के बेटे ने स्वयं भी सेना की वर्दी पहनकर देशसेवा की और अंततः मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया।
उनकी शहादत केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गोरखा समाज और उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
उत्तराखंड लाइव 24 परिवार अमर शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। राष्ट्र उनकी वीरता और सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखेगा।
जय हिंद 🇮🇳
जय गोरखा।
#LtColonelPrabhakarThapa #PrabhakarThapa #GorkhaRifles #5_3GR #IndianArmy #IndianArmyHeroes #Martyr #VeerJawan #Shaurya #DeshSeva #JaiHind #JaiGorkha #Dehradun #Uttarakhand #Leh #GorkhaSamaj #उत्तराखंड #देहरादून #लेह #भारतीयसेना #गोरखाराइफल्स #शहीद #वीरजवान #देशसेवा #अमरशहीद #UttarakhandLive24