
देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित | SA News Chhattisgarh
नई दिल्ली | 28-09-2026: बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है 28, 29 और 30 सितंबर को होने वाली तीन दिन की प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। यह फैसला रविवार 27 सितंबर की रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का मुख्य मुद्दा पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग थी। फिलहाल बैंकों में हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है, जबकि बाकी शनिवार सामान्य रूप से कामकाज होता है। यूनियनें सभी शनिवार को छुट्टी करने की मांग कर रही हैं, जिससे बैंकिंग व्यवस्था सोमवार से शुक्रवार तक करने का रास्ता साफ हो सके।
रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक में IBA और UFBU के बीच इस मांग समेत कर्मचारियों से जुड़े दूसरे लंबित मुद्दों पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी। इसके लिए एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी बाकी शनिवारों को छुट्टी देने के प्रस्ताव पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद समाधान निकालने की कोशिश करेगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बैंकों में पांच दिन की वर्किंग अभी लागू हो गई है। 5 डे वर्किंग पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। कमेटी की चर्चा और आगे होने वाली बातचीत के बाद ही इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय होगा। #BankStrike #BankStrike2026 #BankHoliday #BankingUpdate #SANewsChhattisgarh