
वायु प्रदूषण से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला अस्पताल में विशेष चेस्ट क्लिनिक आयोजित
वायु प्रदूषण से होने वाली बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए जिला अस्पताल सीहोर में विशेष चेस्ट क्लिनिक शुरू किया गया है। यहां नागरिकों को सांस संबंधी समस्याओं की जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा मिलेगी। क्लिनिक का संचालन 15 अक्टूबर से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनपीसीसीएचएच) के अंतर्गत यह पहल की गई है। क्लिनिक में सांस लेने में तकलीफ, लगातार खांसी, चक्कर आना, आंखों में जलन और छाती से जुड़ी समस्याओं की जांच की जाएगी। मरीजों को उचित निदान, उपचार और नियमित फॉलो-अप की सुविधा भी मिलेगी।
क्लिनिक में विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गई है। गंभीर मरीजों का अलग रिकॉर्ड रखा जाएगा। साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब होने पर बरती जाने वाली सावधानियों, मास्क के सही उपयोग और धूम्रपान छोड़ने के संबंध में परामर्श दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से मरीजों का फॉलो-अप भी किया जाएगा।
डॉ. डेहरिया ने नागरिकों से अपील की है कि वायु प्रदूषण या धुएं के कारण सांस, फेफड़े अथवा हृदय से संबंधित परेशानी होने पर जिला अस्पताल के चेस्ट क्लिनिक में पहुंचकर जांच कराएं और स्वास्थ्य लाभ लें।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore