*गांधी जयंती पर गुलाब बाग में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित*
*जिला कलक्टर काना राम ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान*
*सवाई माधोपुर, 2 अक्टूबर।* राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गुलाब बाग गांधी पार्क सहित जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गुलाब बाग गांधी पार्क में जिला कलक्टर काना राम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी, उपसभापति माया गोयल एवं आयुक्त दलीप पूनिया ने महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
*सत्य, अहिंसा और साधनों की पवित्रता अपनाएं* इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी का जीवन सत्य, त्याग और सेवा का प्रतीक है। गांधीजी ने अहिंसा के माध्यम से लंबे समय तक आंदोलन चलाकर देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की पद्धति हैं। हमें महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात कर उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करते समय साध्य के साथ साधनों की पवित्रता भी आवश्यक है। युवाओं से आह्वान किया कि आर्थिक उन्नति के लिए साइबर फ्रॉड जैसे अपराधों का मार्ग अपनाने के बजाय परिश्रम और ईमानदारी से अपने लक्ष्य प्राप्त करें। गांधीजी का स्वच्छता एवं सेवा का संदेश और शास्त्रीजी का ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं।
*सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गूंजे भजन और प्रार्थनाएं*
गुलाब बाग में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में राजकीय कर्मचारी, विद्यार्थी, स्काउट-गाइड एवं आमजन शामिल हुए। सरस्वती वंदना, गुरु वंदना, रामधुन, बौद्ध प्रार्थना, गायत्री मंत्र, इस्लाम एवं जैन धर्म की प्रार्थनाओं सहित ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’, ‘दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया। दो मिनट का मौन रखकर गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा अंत में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।
*श्रमदान एवं पौधारोपण से दिया स्वच्छता का संदेश*
कार्यक्रम के बाद जिला कलक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगर परिषद सभापति ने गांधी पार्क में पौधारोपण किया। नगर परिषद सवाई माधोपुर के कर्मचारियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी मांगीलाल, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता हरज्ञान मीना, स्काउट सचिव महेश सेजवाल, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Gangapur, Sawai Madhopur | Oct 2, 2026