अवैध बजरी परिवहन के मामलों में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, स्थायी वारंटी भी पकड़ा
मानटाउन थाना पुलिस की कार्रवाई, अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
सवाई माधोपुर। अवैध बजरी एवं निर्माण सामग्री के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानटाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने न्यायालय से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट की पालना करते हुए एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार घुड़ासी रोड क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन की सूचना पर कार्रवाई के दौरान चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया था। मामले में वांछित चेतराम मीणा (44) निवासी धमुन खुर्द को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे प्रकरण में वांछित बत्तीलाल गुर्जर (26) निवासी रेवतपुरा नया गांव को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट की पालना करते हुए अनवार (30) निवासी दौबड़ा कलां, थाना सूरवाल को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। कार्रवाई थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता सहित पुलिस टीम ने की।